- विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती, नियमित जांच और बेहतर इलाज पर जोर
- डीएलएसए चेयरमैन ने केंद्रीय जेल कोट भलवाल और अंबफला की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। केंद्रीय जेल कोट भलवाल और जिला जेल अंबफला में बंद कैदियों को बेहतर चिकित्सा और स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) ने संबंधित विभागों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। डीएलएसए जम्मू के चेयरमैन एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ताहिर खुर्शीद रैना की अध्यक्षता में वीरवार को हुई बैठक में दोनों जेलों की स्वास्थ्य और स्वच्छता संबंधी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जेल अधीक्षकों ने कैदियों को समय पर इलाज नहीं मिलने और स्वच्छता सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। मेडिकल अधिकारियों की तैनाती, हड्डी रोग विशेषज्ञों से नियमित जांच, हेपेटाइटिस और अन्य बीमारियों से पीड़ित कैदियों के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता तथा महिला कैदियों के बच्चों के टीकाकरण पर चर्चा हुई।
जेलों से कचरे के उचित निस्तारण और कैदियों को चिकित्सकीय जांच के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान पुलिस एस्कॉर्ट उपलब्ध कराने का मुद्दा भी उठा। ताहिर खुर्शीद रैना ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समयबद्ध कार्रवाई करने और जेलों में नियमित डॉक्टरों की विजिट, बेहतर स्वच्छता तथा बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएलएसए सचिव मलिका शर्मा, जम्मू नगर निगम के संयुक्त आयुक्त राजीव खजूरिया, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जीएमसी जम्मू के विशेषज्ञ चिकित्सक और दोनों जेलों के अधीक्षक मौजूद रहे।