- दो अक्तूबर से शुरू हो रहे देशव्यापी रिफॉर्म उत्सव अभियान की तैयारियां परखीं
- समय पर आईईसी जानकारी और ज्यादा से ज्यादा लोगों को जागरूक करने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मंडलायुक्त रमेश कुमार ने मंगलवार को जम्मू संभाग में देशव्यापी रिफॉर्म उत्सव अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने कहा, पूरे जम्मू संभाग में ग्राम सभाएं की जाएंगी। यह अभियान दो अक्तूबर को शुरू होगा।
केंद्र सरकार के आर्थिक मामलों के विभाग की अगुवाई में अक्तूबर से दिसंबर 2026 तक चलने वाले इस तीन महीने के अभियान का मकसद गवर्नेंस में बड़े बदलाव लाने वाले सुधारों, नागरिकों पर केंद्रित पहलों और विकास से जुड़ी उपलब्धियों को दिखाना है। ग्रामीण विकास विभाग इस अभियान के लिए नोडल एजेंसी के तौर पर काम करेगा। पूरे संभाग में ग्राम सभाएं होंगी। इन ग्राम सभाओं से नागरिकों को बड़े सुधारों के बारे में जानने, उनके असर को समझने और स्थानीय विकास की प्राथमिकताओं की पहचान करने का मौका मिलेगा। मंडलायुक्त ने डिप्टी कमिश्नरों को निर्देश दिया कि वे अभियान के असरदार तालमेल और उसे लागू करने के लिए अपने-अपने जिलों में नोडल अधिकारी नियुक्त करें।
बीएनएस-बीएनएसएस के प्रति जागरूक करें
मंडलायुक्त ने राजस्व रिकॉर्ड के डिजिटाइजेशन के बारे में जानकारी फैलाने, साथ ही स्वच्छ भारत मिशन, पीएमएवाई, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स के तहत की गई गतिविधियों और उपलब्धियों को उजागर करने पर जोर दिया। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और उनके तहत लाए गए मुख्य प्रावधानों और सुधारों के बारे में लोगों को अच्छी तरह जागरूक किया जाए।
आजीविका और रोजगार से जुड़ी पहलों के बारे में बताएं
उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और मिशन युवा के तहत आजीविका व रोजगार से जुड़ी पहलों को प्रमुखता से दिखाने और नागरिकों के लिए उनके फायदों और उन तक पहुंच पर ध्यान देने को कहा। मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सभी जिलों में सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) सामग्री का समय पर वितरण और प्रसार सुनिश्चित करें।