सांबा। पुलिस ने अब शरारती तत्वों के खिलाफ मुहिम को तेज कर दी है। अब बाइक पर मोडिफाई सायलेंसर लगाया तो खैर नहीं है। पुलिस ने ऐसे युवाओं के खिलाफ मुहिम छेड़ रखी है जो बाइक पर मोडिफाई सायलेंसर लगाकर बाजारों में सरपट दौड़ रहे हैं। कई बार तो बाजार में चलने वाले भी बाइक से होने वाली तेज आवाजसे परेशान हो जाते हैं।
एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने मंगलवार को ऐसे युवाओं पर शिकंजा कसते हुए 32 बाइक जब्त कर उनमें लगे सायलेंसर उतारे। वहीं एक से दस हजार रुपये तक जुर्माना भी किया है। थाना प्रभारी दीपक जसरोटिया ने कहा कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर अभियान छेड़ा गया है। उन्हें काफी शिकायतें मिल रही थीं कि बाजारों में युवक बाइक पर मोडिफाई सायलेंसर लगाकर बाजारों में तेज आवाज से गुजरते हैं। इस पर उन्होंने अभियान चलाकर ऐसे युवाओं के खिलाफ कार्रवाई की है। उनके अनुसार मोटर अधिनियम की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दुकानदारों से भी अनुरोध किया गया है कि वह भी मोडिफाई सायलेंसर की बिक्री न करें, अन्यथा उनके खिलाफ भी मामला दायर किया जा सकता है।