- एमए स्टेडियम में कश्मीरी पंडित प्रीमियर लीग में खेले गए दो मुकाबले
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। कश्मीरी पंडित प्रीमियर लीग के दसवें दिन एमए स्टेडियम में दो मुकाबले खेले गए। इसमें एसीई क्लब और साईं क्रिकेट क्लब ने जीत दर्ज की।
पहला मुकाबला एसीई क्रिकेट क्लब बनाम शारिका क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। इसमें एसीई क्लब ने टाॅस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। टीम के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते चार विकेट के नुकसान पर कुल 177 रन बनाए और प्रतिद्वंदी टीम शारिका क्रिकेट क्लब को 178 रन का लक्ष्य जीत के लिए दिया। दोनों टीमों में जीत का खिताब पाने के लिए जद्दोजहद रही। इसके चलते शारिका क्रिकेट क्लब की टीम 117 रनों पर ढेर हो गई। एसीई क्लब ने 60 रन से मैच में जीत लिया। एसीई क्लब के चरुकेश जुटेषी ने 32 गेंदों में 56 रन बनाए। शारिका क्लब के रोहित रैना ने 25 गेंदों में 32 रन बनाए।
दूसरा मैच साईं क्रिकेट क्लब और वीआर इवेंट्स के बीच खेला गया। जिसमें साईं क्रिकेट क्लब ने 146 रन आठ विकेट पर बनाए। वहीं वीआर इवेंटस की टीम 11.2 ओवर में दस विकेट पर मात्र 48 रन ही बना पाई। साईं क्रिकेट क्लब की ओर से जैविक ने 39 गेंदों पर 61 और आशीष ने 16 गेंदों में 26 रन बनाए। इसी तरह वीआर इवेंट की ओर से पुनीत वट्टल ने 15 गेंदों में 12, रोहित ने सात गेंदों में छह रन बनाए।