जम्मू के गंग्याल में मंगलवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में श्रमिक दंपति बाल कृष्ण (45) और अनिता देवी (40) की जान लेने वाले ट्रक चालक की पहचान बसतगढ़ निवासी साहिल के रूप में हुई है। ट्रक चलाते समय उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था और हादसे के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने बुधवार को आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई, जबकि ट्रक अभी भी पुलिस के कब्जे में है।
मामले की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल फारुख ने बताया कि शुरुआत में ट्रक मालिक ने दावा किया था कि हादसे के समय वह खुद वाहन चला रहा था, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर सामने आया कि ट्रक साहिल चला रहा था। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने फ्लाईओवर के बीच बनी क्रॉसिंग को फिलहाल बंद कर दिया है। वहीं, परिजनों ने बताया कि हादसे के समय दंपति के पास 70 हजार रुपये थे, जो मौके से नहीं मिले।