दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के खन्नाबल इलाके में पीडीपी तथा गुज्जर-बक्करवाल नेता चौधरी हमीद के घर से राइफल लेकर भागने की कोशिश को पुलिस ने गुरूवार को नाकाम किया। इस मामले में दो बीएसएफ कर्मी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि चोरी का मामला दर्ज किया गया है।
बताते हैं कि संगम निवासी मंसूर अहमद भट वीरवार को पीएसओ बशीर अहमद के कमरे में घुसा। इस दौरान पीएसओ बाथरूम गया हुआ था। अंदर घुसने के बाद मंसूर पीएसओ की सर्विस राइफल कंबल में लपेटकर भाग निकला। पीएसओ जब बाथरूम से लौटा तो उसने ट्रंक को खुला पाया। उसमें रखी राइफल गायब थी। इस पर वह भागकर बाहर आया। वहां उसे मंसूर को संदिग्ध हालत में देखा। पीएसओ को देखते ही वह भागने लगा।
बशीर ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस को पूछताछ में मंसूर ने बताया कि यह राइफल वह बीएसएफ कर्मी के लिए लेकर निकला था। वह हाउसिंग कालोनी के बाहर गाड़ी लेकर इंतजार कर रहा है। इस पर पुलिस ने बीएसएफ कर्मी और एक इंस्पेक्टर को गिरफ्तार किया। मंसूर ने पूछताछ में यह भी बताया कि बीएसएफ कर्मी ने नौकरी व डेढ़ लाख रुपये देने का वादा किया था।
पीडीपी नेता ने घटना की जांच करने की मांग की है ताकि इसके पीछे के कारणों का पता चल सके। कहा कि वह घटना के वक्त घर पर मौजूद नहीं थे। लौटने पर इसकी जानकारी हुई। बीएसएफ के पीआरओ ने घटना की जानकारी से इनकार किया है। बताया कि वह घटना के बाबत रिपोर्ट हासिल करेंगे।