-जम्मू-राजोरी राजमार्ग पर शाम 6:30 बजे हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मिश्रीवाला। जम्मू-राजोरी राजमार्ग के गुड़ा पत्तन क्षेत्र में सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। शाम करीब 6:30 बजे एक तेज रफ्तार थार ने पीछे से एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। इससे स्कूटी सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और परिवार वालों ने घायलों को उपजिला अस्पताल अखनूर पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार गुड़ा पत्तन निवासी तरसेम लाल (43) और अशोक कुमार (62) स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहे थे। हाईवे पर गुड़ा पत्तन के पास जहां दोनों का घर से महज 100 मीटर दूर हादसा हो गया। थार गाड़ी के चालक ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी थार के बंपर में फंस गई और गाड़ी के साथ थोड़ी दूर तक घसीट ली गई। जैसे ही चालक को पता चला वह गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। मरने वाले दोनों लोगों के शव शवगृह में रखे गए हैं जिनका पोस्टमॉर्टम वीरवार सुबह 10 बजे किया जाएगा। कानाचक पुलिस थाना की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है। वाहन को जब्त कर लिया गया है और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है।