चौकी चौरा के गांव चौरा में तालाब दादा-पोते के डूबने की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसडीएम और पुलिस अधि?
अखनूर। उप जिला चौकी चौरा गांव चौरा में तालाब में नहाते हुए डूब रहे छह वर्षीय बच्चे को बचाने के चक्कर में दादा भी डूब गया। दोनों की तालाब में डूबने से हुई मौत पर गांव में मातम छा गया। पुलिस ने दोनों शवों को परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार गांव चौरा में शुक्रवार सुबह काका राम (75) नहाने के लिए घर के पास ही तालाब में जाने पर उनके साथ एक पोता और दो पोतियां भी थीं। काका राम और दोनों पोती जिसकी उम्र तीन और चार साल की थी। नहा कर तालाब से बाहर आ गए, मगर छह साल का पोता दिव्यांश वर्मा तालाब में नहाते हुए डूबने लगा। दिव्यांश को डूबता देख दादा काका राम उसे बचाने के लिए तालाब में कूद पड़ा। इस पर गहरे पानी में दोनों चले गए और डूब गए। मौके पर दोनों पोतियों ने पास ही दुकानदार को सूचित किया। मगर तब तक दोनों की डूबने से मौत हो चुकी थी। दोनों के तालाब में डूबने से मौत की खबर सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए।
उधर हादसे की सूचना मिलने एसडीएम चंद किशोर शर्मा और पुलिस चौकी प्रभारी अंकुज भगत भी मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल जायजा लिया और मृतक के घर वालों को सांत्वना दी। पुलिस ने कार्रवाई करके शवों को परिवार वालों को सौंप दिया। दोपहर बाद दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस चौकी प्रभारी अंकुज भगत ने बताया कि दादा और पोते की नहाते हुए डूबने से मौत हो गई। सभी कार्रवाई करके शव परिवार वालों के हवाले कर दिया गया।