अरनिया। क्षेत्र के गांव कल्याना निवासी एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। वहीं क्षेत्र में अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या एक माह के बच्चे सहित दो तक पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम के अनुसार यह बुजुर्ग ब्लड कैंसर के उपचार के लिए दिल्ली गया था। 15 सितंबर को उपजिला अस्पताल बिश्नाह में इसका सैंपल लेने के बाद घर भेज दिया गया। उसी शाम रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उक्त परिवार के सदस्यों को सूचित किया जिसे 15 सितंबर को बक्शी नगर अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां 17 सितंबर को उसकी मौत हो गई।
शुक्रवार को कोविड-19 की एसओपी का पालन करते हुए उसका शास्त्री नगर जम्मू में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर संक्रमित के परिवार के सदस्यों के अनुसार घर लाने के बाद जब रात को उनकी तबियत बिगड़ने लगी तो अरनिया स्वास्थ्य विभाग की टीम को फोन पर स्वास्थ्य संबंधी सहायता मांगी। उन्होंने दवाइयां दीं और दूसरे दिन सुबह फिर तबियत बिगड़ने पर सूचित किया गया वेंटीलेटर सहित ऑक्सीजन सुविधा से लैस एंबुलेंस लेकर घर पहुंच गए और फौरन बख्शी नगर अस्पताल पहुंचाया। जहां उनकी मौत हो गई।