बिश्नाह। बिश्नाह-बाड़ी ब्राह्मण मार्ग पर कनहाल गांव में शनिवार को एक तेज रफ्तार कार पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में कार चालक और उसमें सवार दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया।
जानकारी के मुताबिक कार (जेके02बी-2299) में सवार होकर दो युवक गौरव पुत्र सुखदेव निवासी बाड़ी ब्राह्मणा और सोहनलाल पुत्र रवि कुमार निवासी बस्सी बाड़ी ब्राह्मणा कहीं जा रहे थे। रफ्तार तेज होने के कारण कार बेकाबू हो गई और कनहाल गांव में वह सीधे एक पेड़ से जा भिड़ी। आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। दोनों को कार से लहूलुहान हालत में निकाल कर उप जिला अस्पताल बिश्नाह पहुंचाया। वहां पर डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें जीएमसी रेफर कर दिया। पुलिस में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।