जम्मू। रेलवे स्टेशन के बाहर फल मंडी के पास रविवार को देर रात एक अनियंत्रित ट्रक ने कार व बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं।
नरवाल पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान यूपी के मूल निवासी व वर्तमान में रेलवे पश्चिम कॉलोनी में निवासी प्रेम चौहान के रूप में हुई है। साथ ही नानक नगर के परविंदर सिंह, उनकी पत्नी गुरमीत कौर व पुत्र मनवीत सिंह घायल हो गए। एक अन्य चट्ठा निवासी गुरविंदर सिंह को भी चोटें आई हैं। घायलों को पुलिस ने जीएमसी में इलाज के लिए भेजा है। ज्ञात हो कि इसी प्रकार की एक घटना 22 अगस्त को भी हुई थी, जिसमें एक अनियंत्रित एसयूवी यात्रियों पर चढ़ गई थी। इसमें दिल्ली निवासी दादी व पोती की मौत हो गई थी और पांच अन्य घायल हुए थे।