अखनूर। चौकी चौहरा पुलिस चौकी के इंस्पेक्टर अंकुश कुमार ने एक ब्लाइंड हिट एंड रन मामले को सुलझाने का दावा किया है। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।
देर शाम एक अज्ञात वाहन ने एक ट्रक चालक को टक्कर मार दी। मंदिर गल्ला, चौकी चौहरा के पास जेके 02 एई 3857 ट्रक चालक अब्दुल खालिक पुत्र अब्दुल लतीफ निवासी मैदान तहसील हवेली की मौत हो गई। अखनूर थाने में मामला दर्ज कर जांच एसएचओ अखनूर हिलाल अजहर की देखरेख में शुरू की गई। चश्मदीदों ने अज्ञात वाहन की पहचान करके पता लगाया, उक्त वाहन का जेके 11ई-9151 था। इसके बाद उक्त वाहन के मालिक को वाहन के साथ चौकी चौहरा के पास बुलाया गया। वाहन मालिक की मदद से आरोपी चालक युगल किशोर निवासी तहसील त्रयाठ, राजोरी को गिरफ्तार किया। उसने घटना में अपनी संलिप्ता स्वीकार की।
एसडीपीओ अखनूर वरुण जंडियाल ने उक्त मामले की जांच में लोगाें द्वारा प्रदान की गई सहायता की सराहना की और अपील की कि जब भी कोई सड़क दुर्घटना होती है, तो पीड़ित को तुरंत चिकित्सा सहायता के लिए ले जाना चाहिए। इसमें शामिल वाहनों का पंजीकरण नंबर नोट किया जाना चाहिए। उन्होंने दुकानदारों से सुरक्षा और निगरानी के लिए सीसीटीवी लगाने की भी अपील की।