जम्मू। अब्दुल समद (68), शुभम खजूरिया (84) व शुभम पुंडीर (56) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर जम्मू-कश्मीर ने सर्विस को तीन विकेट से हराकर विजय हजारे ट्रॉफी में पहली जीत दर्ज की। सर्विसेज के 274 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जेएंडके ने 48.3 ओवर में मैच अपने नाम किया।
मध्यक्रम की बल्लेबाजी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आसन जीत हासिल की। शुरुआती झटके लगने के बाद अब्दुल समद और शुभम खजूरिया ने पारी को संभालते हुए जीत की नीव रखी। जिसे शुभम पुंडीर ने मुकाम तक पहुंचाया। इस जीत के साथ जेएंडके ने तीन अंक भी अर्जित किए हैं। अब्दुल समद ने 38 गेंदों में चार छक्के और आठ चौकों की मदद से 68 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। कोलकाता में खेले गए मुकाबले में सर्विसेज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में सात विकेट पर 274 रन बनाए। सर्विसेज के लिए सलामी बल्लेबाज रवि सिंह गुलाटी 118 और पुलकित नारंग ने 48 रन की पारी खेली। जेएंडके गेंदबाजों ने सर्विस को शुरुआती झटके देते हुए 10 ओवर में दो बल्लेबाजों को वापस पवेलियन भेजा दिया। इसके बाद कप्तान रजत पलीवाल (33) ने रवि सिंह गुलाटी के साथ मिलकर टीम को संभालते हुए 88 रन की साझेदारी की। गेंदबाजी में उमर नजीर ने दो, आकिब नबी, परवेज रसूल और विवरांत शर्मा ने एक-एक विकेट लिया।