अखनूर में जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों से भरे वाहन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे वाहन जलकर राख हो गया। वाहन में सवार करीब 20 यात्री बाल-बाल बच गए। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुट गई है।
जम्मू से नौशेरा जा रहा वाहन जेके 12- 8584 में चौकी चौहरा के पास मुख्य रोड कप्पा काला के पास पहुंचने पर उसमें आग लग गई। चालक की सूझबूझ से वाहन में सवार 20 यात्रियों को बमुश्किल उतारा लिया गया। चालक वाहन को चलाते हुए पास में बहते नाले के पास ले गया तब तक उसमें भीषण आग लग गई थी।
दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची तब वाहन जलकर राख हो गया। इस दौरान करीब एक घंटे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
यात्रियों का कहना था कि अगर समय रहते टैंपो से यात्री नहीं उतरते तो बड़ा हादसा हो सकता था। चौकी चौहरा पुलिस चौकी प्रभारी पंकज कटोज ने बताया कि वाहन में शार्ट सर्किट से आग लगना बताया जा रहा है। सभी यात्री सुरक्षित हैं, मगर टैंपो जल कर राख हो गया है, मामले की जांच की जा रही है।