हंदवाड़ा इलाके के एक गांव में कुएं की सफाई करते वक्त एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं चार मजदूरों को मौत से बचा लिया गया। सभी मजदूरों को सफाई के लिए कुएं में उतारा गया था, लेकिन इसके किनारों को मलवा गिर गया।
हादसा बाटपोरा गांव का है। यहां के कुएं का सफाई कराने का काम चल रहा था। सफाई के लिए पांच मजदूरों को कुएं में उतारा गया। जब सभी मजदूर सफाई में जुटे थे, इसी दौरान कुएं के किनारों से मलवा गिर गया।
इसमें सभी मजदूर दब गए। हादसे के बाद वहां मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आननफानन में पुलिस को भी खबर दी गई। पुलिस और फायर सर्विसेस विंग ने मौके पर पहुंच कर पांचों मजदूरों को कुएं से बाहर निकाला।
मलवे में दबने से सभी बेहोश हो गए थे। सभी को हंदवाड़ा के उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां फयाज अहमद निवासी बटकूट की मौत हो गई। अन्य मजदूरों को बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर लाया गया।