माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा से शिवखोड़ी धाम जा रही एक मिनी बस मलैड़ क्षेत्र में पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 13 यात्री घायल हो गए। घायलों में 12 श्रद्धालु हैं। मिनी बस का चालक भी दुर्घटना में घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक वीरवार दोपहर को कटड़ा से श्रद्धालुओं के एक जत्थे को लेकर मिनी बस (जेके14ड़ी-3982) शिवखोड़ी धाम के लिए निकली। पौनी मार्ग पर मलैड़ क्षेत्र में पहुंचने पर मिनी बस के चालक का ध्यान भटकने से बस सड़क को छोड़ कर नीचे खाई की तरफ लुढ़क गई।
मिनी बस के नीचे गिरते ही उसमें सवार श्रद्धालुओं मे चीख पुकार मच गई। सभी लोग एक दूसरे को बचाने की कोशिश में रहे। खाई में गिरते समय पेड़ से टकराकर मिनी बस रुक गई। इस दौरान मौके से गुजरने वाले अन्य वाहनों में सवार लोगों ने बचाव कार्य शुरू किया। मिनी बस दुर्घटना में घायल लोगों को पहले मुख्य सड़क मार्ग तक पहुंचाया गया। उसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने तुरंत घायलों का उपचार शुरू कर दिया।
घायल श्रद्धालुओं के अनुसार चालक तेज गति से मिनी बस चला रहा था। महिला यात्रियों ने चालक को बस धीमी गति से चलाने को कहा, लेकिन चालक ने उनकी कोई बात नहीं सुनी। इसके चलते ही यह हादसा हुआ। दुर्घटना में घायल सभी श्रद्धालु अंबेडकर नगर, उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। घायलों में कुलदीप यादव, दीनानाथ, पूर्णचंद, सूर्या देवी, मीरा कुमारी, माया वर्मा, आयुषि वर्मा, शांति वर्मा, अंतिका वर्मा, सुभाशी, शुभम, सिराक्षी देवी के नाम शामिल हैं। इसके अलावा मिनी बस का चालक सोहन उर्फ सोनू भी इस हादसे में घायल हुआ है।