जम्मू। शहर में झपटमार इस कदर सक्रिय हैं कि उनको किसी का भी खौफ नहीं। सरेआम दिनदहाड़े महिलाओं से पर्स छीने जा रहे हैं। बुधवार को फ्लाई ओवर जम्मू में मंदिर मस्जिद प्वाइंट के पास बाइक पर जा रहे दंपति से बाइक सवारों ने झपटमारी की। पीछे बैठी महिला से पर्स छीना गया। इससे वह नीचे गिर गई। जब तक दंपति संभल पाते, आरोपी वहां से फरार हो गए। बाद में जब शोर पड़ा तो जांच में सामने आया कि जिससे झपटमारी हुई, वो पुलिस कर्मी की पत्नी है। पुलिस कर्मी खुद बाइक चला रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जानीपुर के रहने अतुल सिंह अपनी पत्नी रजनी देवी के साथ जा रहे थे। तभी पीछे से स्कूटी पर दो युवक आए। जिन्होंने रजनी देवी के हाथों से पर्स छीनने की कोशिश की। इस कोशिश में रजनी नीचे गिर गई और उसकी बाजू में चोट आई। अतुल भी नीचे गिर गया। लेकिन आरोपियों ने पर्स छोड़ा नहीं और लेकर भाग गए। इससे पहले की वह दोनों कुछ कर पाते, आरोपी फरार हो गए। बाद में महिला को अस्पताल ले जाया गया। बस स्टैंड पुलिस को पूरे घटनाक्रम के बारे जानकारी दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।