जम्मू। पुलिस ने चोरी करने के आरोप में दो युवकों को पकड़ा है। उसके पास से मोबाइल, लैपटाप और अन्य इलेक्ट्रानिक वस्तुओं को बरामद किया है। एक महीना पहले ही रिहाड़ी पुलिस चौकी में एक शिकायत दर्ज हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने केस दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। पीजी हास्टल में रहने वाली एक स्टूडेंट् ने पुलिस के पास शिकायत दर्ज कराई थी। बताया कि उसका कमरे से लैपटाप चोरी हो गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया। दो संदिग्धों ने कबूल किया कि उन्हीं ने चोरी की थी। इनमें उस्ताद मोहल्ला का रहने वाला जीशान और न्यू प्लाट का रहने रंजीत सिंह शामिल हैं। जब इनसे पूछताछ की गई तो पता चला कि करीब एक दर्जन चोरियां इन लोगों ने की है। इनके बताए ठिकानों पर छापेमारी करने के बाद पुलिस ने सात लैपटाप, सात मोबाइल फोन और एक टैब बरामद किया। रिहाड़ी चौकी अफसर आशीष सागर का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। संभव है कि इनसे और भी चोरी का सामान बरामद हो।