आरएस पुरा। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर वार्ड दस स्थित आंगनबाड़ी सेंटर में वीरवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सप्ताह के तहत बेटियों का जन्मदिन केक काटाकर मनाया। कार्यक्रम चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट अधिकारी जौहर कौशर की देखरेख में आयोजित हुआ।
जौहर कौशर ने कहा कि एक सप्ताह तक चलने वाले कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्र के आंगनबाड़ी सेंटरों पर बेटी के महत्व के बारे में जागरूक करने के साथ उन्हें बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए बेटियों के प्रति अभिभावकों को सकारात्मक सोच रखने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि अगर बालक एक घर का चिराग है तो बेटियां दो परिवारों को जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। लोगों से बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए नई सोच बनाने के लिए कहा। इस दौरान वार्ड दस के पार्षद जगदीश राज, सुपरवाइजर अमृता, आंगनबाड़ी केंद्र प्रभारी नीशू रैना, पूनम कुमारी सहित वार्ड की कई महिलाएं व बच्चे भी मौजूद थे।
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सप्ताह के अंतर्गत रैली निकाली गई। इसमें स्कूल, नारी निकेतन व बाल आश्रम के बच्चे शामिल रहे, जिन्होंने तख्तियां लेकर कस्बे के बाजार से होते हुए नारी निकेतन के भवन परिसर तक लोगों को जागरूक किया। आरएस पुरा तहसीलदार कपिल कांत खजूरिया व समाज कल्याण विभाग के जिला अधिकारी रणवेशवर सिंह जमवाल ने कहा कि सरकार की ओर से विशेषकर बेटियों के लिए बनाई योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर इसका लाभ उठाया जा सकता है। इस दौरान आशा वर्कर्स, आंगनबाड़ी वर्कर्स सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।