उधमपुर। घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी के विरोध में सोमवार को कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कहा कि केंद्र सरकार ने गैस सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी कर आम आदमी की कमर तोड़ दी है, जबकि सरकार बनाने से पहले भाजपा ने महंगाई कम करने के लिए बड़े-बड़े वादे किए गए थे।
सुबह करीब साढ़े 11 बजे कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने इंटक के प्रदेश सचिव सुमित मगोत्रा के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन शुरू किया। इस दौरान सुमित मगोत्रा ने कहा कि महंगाई कम करने के झूठे वादे करने वाली भाजपा सरकार में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम आसमान छूने लगे हैं। 2012 में जब यूपीए की सरकार थी तो गैस सिलेंडर के दाम 300 रुपये थे। यूपीए सरकार ने जब गैस सिलेंडर के दाम में 20 रुपये की बढ़ोतरी की तो राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी सहित भाजपा के कई बड़े नेता सड़क पर उतर कर प्रदर्शन करने लगे थे। आज मोदी सरकार में गैस सिलेंडर के दाम 832 रुपये पहुंच गए हैं। अब क्या भाजपा को गैस सिलेंडर के दाम ज्यादा नहीं लग रहे हैं। भाजपा के राज में गैस सिलेंडर के दाम तीन गुना अधिक बढ़ गए हैं, जिसने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी है। भाजपा नेताओं ने सरकार बनाने से पहले देश की जनता को ऐसे-ऐसे सपने दिखाए, जिससे लोगों को लगा कि अब देश में खुशहाली लौट आएगी और महंगाई पूरी तरह से खत्म हो जाएगी, लेकिन सरकार बनाने के बाद से अब तक भाजपा की सच्चाई सामने आ गई है।
जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव में जम्मू की जनता ने भाजपा के 25 विधायकों को विधानसभा में पहुंचाया। लगा कि अब राज्य में भी लोगों की परेशानी दूर होगी, लेकिन परेशानी दूर होना तो दूर परेशानियों को दुगना कर दिया। चार वर्ष भाजपा के विधायक व मंत्रियों ने केवल पीडीपी के आगे घुटने टेक कर काम किया।