बारामुला जिले के सीलू सोपोर में रहने वाले आतंकी इरशाद अहमद शाह की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उत्तरी कश्मीर में एक बड़े आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने में कामयाबी मिली है। यह नेटवर्क आतंकी गतिविधियों में मदद के साथ ही बारामुला और सोपोर में स्थानीय युवाओं की भर्ती में आतंकियों की मदद कर रहा था। इरशाद पर हत्या का भी आरोप है।
डीआईजी नॉर्थ जोन नीतीश कुमार ने बताया कि आतंकी इरशाद अहमद शाह उर्फ इरशाद ख्वाजा उर्फ तनवीर पिछले 2 वर्ष से अधिक समय से आतंकी संगठन हिजबुल मुजाहिदीन के साथ सक्रिय था। वह अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर मकबूलाबाद बहरामपोरा के ईदुल अमीन मीर की हत्या को अंजाम दे चुका है।
इसकी साजिश उसने बहरामपोरा निवासी हिज़्ब के ओजीडब्ल्यू अजहर इम्तियाज के घर पर बनाई थी। अजहर को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस, सीआरपीएफ और सेना ओजीडब्ल्यू के उस नेटवर्क पर शिकंजा कसने में कामयाब रहे जो युवाओं को झांसा देकर आतंकवाद में शामिल होने के साथ साथ आतंकियों को उनकी गतिविधियों में अंजाम देने में मदद कर रहा था।