पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 20वीं किस्त के रूप में शनिवार को जम्मू-कश्मीर के 8.80 लाख किसानों के बैंक खातों में सीधे 184 करोड़ रुपये पहुंचे। कृषि उत्पादन, ग्रामीण विकास, पंचायती राज, सहकारिता और चुनाव विभाग मंत्री जाविद अहमद डार ने शनिवार को शेर ए कश्मीर कृषि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (स्कास्ट) में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की वर्चुअल बैठक में भाग लेते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) एक प्रमुख केंद्रीय क्षेत्र योजना है जिसका उद्देश्य देश भर के सभी भूमिधारक किसान परिवारों को सुनिश्चित आय सहायता प्रदान करना है। फरवरी 2019 में शुरुआत के बाद से पीएम किसान वैश्विक स्तर पर किसानों के लिए सबसे बड़े प्रत्यक्ष आय सहायता कार्यक्रमों में से एक है। यह योजना जम्मू-कश्मीर के किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण सहायता के रूप में कार्य कर रही है।