जम्मू। जम्मू संभाग से किसान सम्मान निधि से 4.20 लाख किसान लाभान्वित हुए हैं। 84 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। इससे किसान अपनी कृषि संबंधी जरूरतों को पूरा कर सकेंगे। इसके लिए पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा वाराणसी से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20वीं किस्त जारी की है। कृषि उत्पादन एवं किसान कल्याण विभाग जम्मू द्वारा शनिवार को बाबा जित्तो किसान केंद्र तालाब तिल्लो में लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम हुआ।
इस मौके पर नरेंद्र मोदी ने पीएम-किसान के तहत 20,500 करोड़ रुपये की 20वीं किस्त जारी की। जिससे देश भर के 9.7 करोड़ से अधिक किसान लाभान्वित हुए। इस वित्तीय सहायता का उद्देश्य किसानों को कृषि इनपुट और संबद्ध खर्चों को पूरा करने में सहायता प्रदान करना। इस मौके पर डीडीसी जम्मू के अध्यक्ष भारत भूषण ने कहा कि पीएम-किसान योजना देश के अन्नदाता के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने किसानों को उत्पादकता, आधुनिक और वैज्ञानिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। जम्मू पश्चिम के विधायक अरविंद गुप्ता और कृषि विभाग की सचिव नीतू गुप्ता ने भी किसानों को संबोधित किया।
जम्मू के कृषि निदेशक अनिल गुप्ता ने बताया कि अकेले जम्मू संभाग के 4.20 लाख किसानों को इस सुविधा का लाभ मिला है। कुल 84 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। पीएम-किसान योजना के तहत जम्मू क्षेत्र के किसानों को कुल 1,735 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। जम्मू क्षेत्र के सभी जिलों, उप-मंडलों, ब्लॉकों और पंचायतों में इसी तरह के लाइव स्ट्रीमिंग कार्यक्रम और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।