जम्मू। कर्फ्यू के चलते शहर के सरकारी और निजी अस्पतालों में पर्याप्त स्टाफ नहीं पहुंच सका। जगह-जगह कंटीले तार बिछा देने से एंबुलेंस सहित अन्य चिकित्सा वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। स्टाफ को लाने के लिए एंबुलेंस को प्रयोग में लाया गया। ओपीडी में कम मरीज पहुंचे। इमरजेंसी में गंभीर मरीज ही पहुंचे। हालांकि, दोपहर बाद मंडलायुक्त प्रशासन की ओर से एक सर्कुलर जारी होने के बाद स्टाफ के जरूरी सेवाओं के कर्मचारियों के आई-कार्ड कर्फ्यू पास के तौर पर लिए गए।
जीएमसी सहित अन्य एसोसिएटेड और स्वास्थ्य विभाग के अस्पतालों में शनिवार सुबह स्टाफ जुटाने के लिए परेशानी आई। अस्पतालों से कई किमी दूर से स्टाफ को नहीं लाया जा सका। अस्पतालों में पहले से तैनात स्टाफ को आगामी शिफ्टों के लिए रोका गया। जो मरीज किसी तरह से ओपीडी में पहुंचे थे उन्हें वापस गंतव्यों तक पहुंचने में परेशानी हुई। यातायात बंद होने के कारण ओपीडी में काफी कम संख्या में मरीज पहुंचे।
जीएमसी के अधीक्षक डा. दारा सिंह के अनुसार सुबह दिक्कतें आईं, लेकिन दोपहर बाद सर्कुलर जारी होने के बाद स्टाफ पहुंचता रहा। कर्फ्यू के दौरान अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। इसके लिए इमरजेंसी को मजबूत बनाया गया है।