उधमपुर। ढांचा स्थापित करने के एक वर्ष बाद वाटर एटीएम में मशीनरी लगाने का काम शुरू हुआ है। तीनों स्थानों पर का काम तेजी चल रहा है। सोमवार तक तीनों एटीएम का उद्घाटन होने की संभावना है। इसके बाद से शहर में पहुंचने वालों के लिए फिल्टर पानी उपलब्ध होगा।
जून 2017 में नगर परिषद ने शहर में तीन वाटर एटीएम मशीन लगाने की मंजूरी दी थी। इसके लिए एक कंपनी के साथ करार किया। जून में ही नगर परिषद ने इसके लिए शहर के तीन स्थानों पर ढांचे भी तैयार कर लिए थे। लेकिन एक वर्ष तक नगर परिषद इनको शुरू नहीं कर पाया है। अब नगर परिषद ने इसका काम तेजी से शुरू करवाया है। तैयार ढांचे में पानी के कनेक्शन लग गए हैं। छतों पर पानी की टंकियां भी लगा दी गई हैं। मशीनरी भी लगने लगी है।
मुंबई की कंपनी चलाएगी तीनों वाटर एटीएम
नगर परिषद ने वाटर एटीएम चलाने और लगाने का करार मुंबई की कंपनी के साथ है। तीनों एटीएम की देखरेख व संचालन का काम कंपनी के कर्मचारी करेंगे और मुनाफे का 20 प्रतिशत नगर परिषद को मिलेगा। एक वाटर एटीएम नगर परिषद के कार्यालय के बाहर, दूसरा एमएच चौक और तीसरा सैलां तालाब में लगाया गया है।
पांच रुपये में मिलेगा एक लीटर पानी
बाजार में एक लीटर फिल्टर पानी की कीमत 15 से 20 रुपये है, लेकिन वाटर एटीएम में लोगों को पांच रुपये में एक लीटर फिल्टर पानी मिलेगा। अगर कोई एक गिलास पानी पीना चाहेगा, तो उसके लिए उसको केवल दो रुपये देने होंगे। भीषण गर्मी के दौरान सस्ता फिल्टर पानी मिलने पर लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।