बसोहली। शुक्रवार को भाजपा के बूथ सम्मेलन में शामिल होने बसोहली पहुंचे वन मंत्री ने अटल सेतु के नजदीक बनाए जा रहे टॉयलेट कांप्लेक्स का निरीक्षण कर वन विभाग द्वारा रंजीत सागर झील के उतारी गई बोट की सवारी कर झील की सुंदरता का लुफ्त उठाया।
चौधरी लाल सिंह ने बसोहली, धार-महानपुर और शीतलनगर ब्लाक में विकास कार्यों के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की। चौधरी लाल सिंह ने कहा कि सतवाई से माश्का तक इनलैंड वाटर वेज के तहत लोगों को आने-जाने के लिए वन विभाग द्वारा स्टीमर सेवा का लाभ मिलेगा। इसके लिए भिन्न-भिन्न स्थानों पर घाट के तौर पर जैटी बनाई जाएगी। पहले चरण में स्टेट फॉरेस्ट कारपोरेशन द्वारा जम्मू कश्मीर में 26 पेट्रोल पंप स्थापित किए जाएंगे। यहां कैफटेरिया, शौचालय आदि की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इनमें से दो पेट्रोल पंप बसोहली क्षेत्र में स्थापित किए जाएंगे। सॉलिड लिक्विड वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट एक करोड़ की लागत से बसोहली में स्थापित होगा।
वन मंत्री ने बसोहली में पीएचई विभाग में कार्यकारी अभियंता और सोशल फारेस्ट्री विभाग में डीएफओ की पोस्ट देने की बात कही। उन्होंने बताया कि वन विभाग ने रंजीत सागर झील में तीन बोट और एक रेस्क्यू बोट उतारा है। इको टूरिज्म के अंतर्गत टूरिस्ट हट का निर्माण जारी है, साथ ही वन विभाग द्वारा एक और गेस्ट हाउस बनाने की योजना है। उन्होंने क्षेत्र में टूरिस्ट विलेज विकसित करने के बारे में बताते हुए कहा कि वह गांव को स्मार्ट सिटी की तर्ज पर विकसित करेंगे तथा गांव में आने जाने के लिए रिंग रोड के आधार पर सड़क मार्ग से जोड़ा जाएगा।
भाजपा के बसोहली मंडल की तरफ से लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में आयोजित बूथ सम्मेलन में वन मंत्री चौधरी लाल सिंह ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। मंडल प्रधान अनिल सलारिया ने उन्हें बताया कि क्षेत्र का कार्यकर्ता बूथ स्तर पर लोगों को पार्टी से जोड़ने में लगा है। लोगों को पार्टी के कार्यों के साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।