जम्मू। जिले की मांग को लेकर नौशेरा और सुंदरबनी में चल रहे आंदोलन का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा की अगुवाई में उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दोनों इलाकों का दौरा किया।
सांसद जुगल किशोर शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री बाली भगत, पीएचई, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री शाम चौधरी, पशुपालन मंत्री अब्दुल गनी कोहली, विधायक रविंद्र रैणा, उपाध्यक्ष युद्धवीर सेठी पर आधारित प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त और एसएसपी की मौजूदगी में बैठक भी की। प्रदेशाध्यक्ष सत शर्मा ने नौशेरा यूनियन कमेटी, जिसमें व्यापार मंडल, सनातन धर्म सभा व अन्य संगठन शामिल हैं, को आश्वासन दिया कि पार्टी स्तर पर भाजपा दस दिन में मसले पर फैसला लेगी। उन्होंने कहा दस मार्च तक मामले में सकारात्मक कदम उठाए जा सकते हैं।
शर्मा ने कहा कि भाजपा जन आकांक्षाओं को सौ फीसदी समर्पण भाव के साथ लेती है। कोटरंका की तरह ही अन्य क्षेत्रों के साथ भी समान व्यवहार किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री बाली भगत ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि नौशेरा और सुंदरबनी को जिला बनाने की मांग को कैबिनेट में भी रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त जिला उपायुक्त व अन्य मांगों को बिना किसी भाई-भतीजावाद के भाजपा हल करवाएगी। भाजपा नेताओं ने सुंदरबनी में स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर मसलों के हल का आश्वासन भी दिया।