अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से उनके आवास पर मुलाकात की। रियासत में जीएसटी को लागू किए जाने को लेकर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि टैक्स/रिव्यू से जुड़ी स्पेशल पावर रियासत के पास ही रहेगी, उद्यमियों और व्यापारियों के हितों की रक्षा हो सके।
इसके बाद जम्मू चैंबर की टीम कश्मीर चैंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री से मिली। उनका कहना था कि जीएसटी को लागू किए जाने से कोई समस्या नहीं है, लेकिन राज्य टैक्स/रिव्यू को लेकर अपनी स्पेशल पावर जीएसटी कौंसिल को सरेंडर न करे। इसके पश्चात दोनों टीमों ने वित्त मंत्री डा. हसीब द्राबू से मुलाकात की। उन्होंने उद्यमियों को भरोसा दिलाया कि जीएसटी इस रूप में राज्य में लागू किया जाएगा, जिससे राज्य का भला हो। उन्होंने दोनों चैंबरों की टीम से भी जीएसटी लागू किए जाने को लेकर सुझाव मांगे। कहा कि इन सुझावों को वह जीएसटी कौंसिल के समक्ष रखेंगे। प्रतिनिधिमंडल में राकेश गुप्ता, राजेश गुप्ता, राजीव गुप्ता, मनीष गुप्ता, गौरव गुप्ता, आशु गुप्ता आदि शामिल रहे।