रियासत में पिछले 14 सालों में आतंकियों से एके सीरीज की 8000 से अधिक रायफलें और करीब 10 लाख गोलियां बरामद की गई हैं। यह जानकारी राज्य सरकार की ओर से मंगलवार को विधान परिषद में दी गई।
मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने गृह विभाग से संबंधित एक प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि एक जनवरी 2002 से 31 दिसंबर 2015 तक आतंकियों के खिलाफ अभियान में 8146 एके-47, 56 व 74 रायफलें बरामद की गई हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने 2877 पिस्टल व रिवाल्वर, 2899 मैग्जीन तथा 38688 राउंड बरामद किए। इसके अलावा 44 यूएमजी, 24 कारबाइन, 673 आरपीजी, 6 जनरल परपस मशीन गन, 144 एलएमजी व एसएलआर, 76 स्नाइपर रायफल, 698 राकेट बूस्टर तथा 181 रायफल (.303) वर्ष 2002 से 2015 के बीच बरामद की गईं।
उन्होंने बताया कि 22 यूएमजी मैग्जीन, 7567 राउंड, 141 एलएमजी व एसएलआर मैग्जीन, 16 कारबाइन मैग्जीन, 7099 स्नाइपर रायफल राउंड, .303 रायफल के 2700 मैग्जीन, एक टेलीस्कोप भी मिली हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 20158 ग्रेनेड व हैंड ग्रेनेड, 2828 इलेक्ट्रानिक डेटोनेटर, 14903 डेटोनेटर, 613 एंटी पर्सनल माइन, 88 एंटी टैंक माइन भी आतंकियों से बरामद किए गए।
पिछले 14 साल में 8947.25 किलो विस्फोटक, 6871.6 किलो आरडीएक्स भी आतंकियों के कब्जे से बरामद किए गए। सुरक्षा एजेंसियों ने 3513 वायरलेस सेट, 434 बायनाकुलर तथा 3464 मीटर तार भी पकड़ा।