उधमपुर। प्रमोशन के लिए डीपीसी तैयार करने व हर महीने समय पर वेतन जारी करने की मांग को लेकर फीमेल मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर्स ने मंगलवार को 51वें दिन हड़ताल जारी रखते हुए भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्मित कार्यालय में पहुंच कर केंद्रीय राज्यमंत्री डा. जितेंद्र सिंह के सामने मांगों को रखा।
मीमा देवी के नेतृत्व में सीएमओ कार्यालय के बाहर लगातार 51वें दिन भी धरना प्रदर्शन जारी। इसी बीच मीमा देवी के साथ कुछ फीमेल मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर्स अपनी मांगों को लेकर बट्टलबालियां में नवनिर्मित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंची और केंद्रीय राज्यमंत्री डा. जितेंद्र सिंह के सामने फिर से मांगों को रखा। फीमेल मल्टीपर्पज ने कहा कि आज तक उनको समय पर वेतन जारी नहीं किया गया है। उनकी मांग है कि वेतन जारी करने का स्थायी समाधान निकाला जाए और अन्य कर्मचारियों की तरह ही उनको भी समय पर वेतन जारी किया जाए। इसके अलावा उनकी प्रमोशन की मांग को भी जल्द पूरा किया जाए। डा. जितेंद्र सिंह ने कहा कि रोका गया वेतन जारी कर दिया गया है। इसके अलाव प्रमोशन की मांग को पूरा करने का भी हर संभव प्रयास किया जाएगा।