राजोरी। फेसबुक पर स्कूल की खस्ताहालत और बच्चों को पेश आ रही दिक्कतों का एक वीडियो वायरल होते ही शिक्षा विभाग ने अपनी साख बचाने के लिए स्कूल के सभी शिक्षकों को तत्काल सस्पेंड कर जांच के लिए कमेटी गठित कर दी।
जानकारी के अनुसार सोमवार को फेसबुक पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें कोटरंका शिक्षा जोन के तहत पड़ने वाले सरकारी प्राइमरी स्कूल खनारियां के बच्चों को स्कूल के शिक्षकों के खिलाफ बोलते दिखाया गया है।
वीडियो में बच्चों ने बताया कि स्कूल में तैनात किया गया एक भी शिक्षक अपनी ड्यूटी को नियमित तौर पर नहीं देता है। स्कूल में आज कोई भी शिक्षक हाजिर नहीं हुआ है और बच्चे अकेले ही मनोरंजन कर रहे हैं।
बच्चों ने वीडियो के माध्यम से जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग से गुहार लगाते हुए कहा कि स्कूल के गरीब विद्यार्थियों का भविष्य दांव पर है। वीडियो में बच्चों की पढ़ाई में परफार्मेंस भी बहुत दयनीय दिखाई जा रही है। वीडियो के वायरल होने की खबर जब कोटरंका के जेडईओ को लगी तो उन्होंने तत्काल स्कूल के सारे स्टाफ को सस्पेंड करने के निर्देश जारी कर दिए।
इतना ही नहीं जेडईओ ने जोनल एजुकेशन प्लानिंग अधिकारी कोटरंका के नेतृत्व में एक तीन सदस्य कमेटी गठित कर मामले की जांच के निर्देश भी जारी कर दिए हैं। जेडईओ सलाह मोहम्मद ने बताया कि कमेटी मात्र दो दिन में अपनी रिपोर्ट पेश करेगी व उसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।