झक्खड़ स्थित एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा दसवीं की छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता के परिजनों और ग्रामीणों ने इस संदर्भ में वीरवार को पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि बुधवार को झक्खड़ स्थित निजी स्कूल की दसवीं की छात्रा को प्रिंसिपल राम प्रकाश ने अपने ऑफिस में बुला कर छेड़छाड़ की। पीड़िता ने बताया कि स्कूल में दसवीं कक्षा के प्रेक्टिकल चल रहे हैं।
बुधवार को सुबह जब वह स्कूल पहुंची, तो प्रिंसिपल ने ऑफिस में बुलाया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर उसे धमकी दी। शाम को घर पहुंचने पर पीड़िता ने मां को आपबीती सुनाई। पीड़िता के परिजन स्कूल में पहुंचे, लेकिन प्रिंसिपल से मुलाकात नहीं हुई।
वीरवार सुबह ग्रामीणों सहित पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज करवा कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस घटना से क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। इस संबंध में एसएचओ संजीव गुप्ता ने बताया कि प्रिंसिपल के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है।