पाकिस्तान की ओर से एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन का करारा जवाब देते हुए भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई में सात पाकिस्तानी सैनिक मार गिराए। पाकिस्तान की ओर से भी उसके सात जवानों की मौत की पुष्टि की गई है।पाकिस्तान की ओर से बीते एक सप्ताह से आतंकियों को भारतीय क्षेत्र में घुसपैठ कराने के लिए लगातार सीजफायर उल्लंघन किया जा रहा है।
रविवार रात भी पाकिस्तान की ओर से आतंकियों के एक दल को घुसपैठ कराने के लिए भिंबर में भारतीय सेना की चौकियों को निशाना बनाकर गोलाबारी की। हालांकि, भारतीय सेना के सतर्क जवानों ने पाकिस्तान के नापाक मंसूबों को नाकाम कर दिया। इसी दौरान जवाबी कार्रवाई सात पाकिस्तानी सैनिक मारे गए।
सोमवार को फिर पाकिस्तान ने पुंछ और जम्मू जिले में एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन किया। पाकिस्तानी गोलाबारी में पुंछ में एक कमांडो और जम्मू के पलावालां सेक्टर में एक बुजुर्ग जख्मी हुए हैं। पाकिस्तान की ओर से रिहायशी इलाकों को भी निशाना बनाया गया।