65वें स्कूल नेशनल गेम्स स्कॉय मार्शल आर्ट में जम्मू-कश्मीर की टीम ओवरऑल चैंपियन रही। पांच दिनों तक चली प्रतियोगिता में प्रदेश की टीम ने 26 स्वर्ण, छह सिल्वर और पांच कांस्य के साथ कुल 37 पदक जीते हैं। प्रदेश टीम की ब्वॉयज/गर्ल्स अंडर 14 और अंडर 17 टीमों का भी शानदार प्रदर्शन रहा।
जम्मू यूनिवर्सिटी के जिम्नेजियम हाल में आयोजित प्रतियोगिता में 14 राज्यों से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया। मेजबान जेएंडके के बाद महाराष्ट्र 28 पदक के साथ दूसरे और ओडिशा 18 पदक के साथ तीसरे स्थान पर रहा। वहीं उत्तर प्रदेश और गोवा की टीम खाते भी नहीं खेल सकी।
युवा सेवा और खेल विभाग की मेजबानी में आयोजित इस प्रतियोगिता में विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रही टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी के साथ सम्मानित किया गया। जम्मू यूनिवर्सिटी के वीसी प्रोफेसर मनोज धर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि पांच दिवसीय प्रतियोगिता में सभी राज्यों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। जम्मू-कश्मीर भविष्य में भी ऐसी चैंपियनशिप का आयोजन करेगा।
इस दौरान एकल स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर युवा सेवा खेल विभाग के डीजी सलीम उर रहमान, पूर्व क्रिकेटर रणजीत कालरा, निदेशक शारीरिक शिक्षा विभाग जम्मू यूनिवर्सिटी डॉ. दाउद बाबा आदि मौजूद रहे।
बाल पुरस्कार से सम्मानित एंजल ने दिखाई प्रतिभा
इस वर्ष बाल पुरस्कार से सम्मानित महाराष्ट्रीयन खिलाड़ी एंजल विजय देवकुले ने मुख्य अतिथि और खिलाड़ियों की मौजूदगी में मार्शल आर्ट की कला का प्रदर्शन कर सबका दिल जीत लिया। इस दौरान अन्य खिलाड़ियों ने भी अपनी प्रतिभा दिखाई। कार्यक्रम में जम्मू बाल पुरस्कार से सम्मानित प्रदेश के ओंकार सिंह भी मौजूद रहे।