जम्मू। जम्मू नगर निगम में पूर्ण बहुमत हासिल करने के बावजूद सोमवार को भी भाजपा मेयर और डिप्टी मेयर के नाम पर फैसला नहीं ले पाई। मंगलवार को नव निर्वाचित कारपोरेटरों की शपथ के बाद ही अब नामों पर फैसला लेने की उम्मीद है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र रैना पार्टी के नव निर्वाचित 43 कारपोरेटरों की राय जान अपनी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को भेज चुके हैं। अमित शाह किस नाम पर मुहर लगाते हैं, अब इसका इंतजार किया जा रहा है। हालांकि भाजपा में चर्चाओं का दौर लगातार जारी है। मेयर पद के लिए प्रमोद कपाही, चंद्र मोहन गुप्ता, बलदेव सिंह बलोरिया, पूर्णिमा शर्मा, राजिंद्र शर्मा का नाम सबसे आगे चल रहा है।
पार्टी नेताओं की माने तो पार्टी की परंपरा रही है कि राष्ट्रीय नेताओं से परामर्श कर प्रदेश नेतृत्व अहम फैसले लेता रहा है। इसलिए मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए कयासों से अलग भी किसी अन्य निर्वाचित कारपोरेटर के नाम पर मुहर लग सकती है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री कवींद्र गुप्ता से इस बारे में पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि उम्मीद है कि एक से दो दिनों में मेयर और डिप्टी मेयर के नाम की घोषणा की जा सकती है।