सुंदरबनी(राजोरी)। सीमावर्ती गांव ढोक बनियाड़ में संदिग्धों के देखे जाने पर सेना और पुलिस ने तलाशी अभियान चलाया। दिनभर चले अभियान के बाद कुछ नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार सुंदरबनी उपजिला के सीमावर्ती क्षेत्र के गांव ढोक बनियाड़ के अपर ढोक प्राइमरी स्कूल में सुबह स्कूल लगते ही स्कूल के बच्चों तथा शिक्षकों ने दो लोगों को स्कूल के पास घूमते देखा। उन्होंने ग्रामीणों को जानकारी दी। जब तक गांव के लोग मौके पर पहुंचते, संदिग्ध पास के जंगलों में चले गए। आतंकी होने की आशंका में ग्रामीणों ने सेना और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया। मालूम हो कि इसी स्कूल के पास 28 मार्च को चार आतंकी मारे गए थे, उस दिन भी यहां पर संदिग्धों को देखा गया था। ब्यूरो