नौशेरा। जिला बनाने की मांग पर शनिवार को 9वें दिन भी नौशेरा बंद रहा। इस दौरान बाजार में एक भी दुकान नहीं खुली। आंदोलन में शामिल संगठनों ने पिछले दिनों की तरह शनिवार को भी कसबे में स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालयों और बैंकों को नहीं खुलने दिया। इससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बंद के दौरान नौशेरा को जिला बनाने की मांग कर रहे विभिन्न सामाजिक संगठनों ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में व्यापार मंडल, बार एसोसिएशन, गुरु रविदास सभा, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी आदि संगठनों के लोगों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। शनिवार को बारिश होने के बाद भी विभिन्न संगठनों की तरफ से निकाली गई रैली में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
शनिवार को नौशेरा को जिला बनाने की मांग के समर्थन में एलओसी से सटे इलाकों से बड़ी संख्या में ग्रामीण भी कसबे में पहुंचे और प्रदर्शन में शामिल हुए। इस मौके पर पटेल चौक से एक रैली निकाली गई। रैली में शामिल लोगों ने तहसील हेडक्वार्टर पहुुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि शुक्रवार को नौशेरा पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने प्रदर्शन कर रहे संगठनों से 10 मार्च तक का समय मांगा था। प्रतिनिधिमंडल में शामिल भाजपा नेताओं ने कहा था कि वे नौशेरा में एडिशन डीसी बैठाने का पूरा प्रयास करेंगे। इस आश्वासन के बाद भी शनिवार को जिस तरह सड़कों पर नौशेरा को जिले की मांग पर जनसैलाब उमड़ा, उससे लगता है कि उन्हें मांग पूरी होनेे का पूरा भरोसा नहीं है। व्यापार मंडल के प्रधान सुभाष कपूर ने कहा है कि 10 मार्च तक उनका आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा। इस दौरान उन्होंने लगातार बाजार बंद रखने के लिए व्यापारियों का आह्वान किया है। नौंवे दिन हुए प्रदर्शन में एडवोकेट गौरव सूदन, एडवोकेट वरुण गुजराल आदि लोगों ने कहा कि सरकार जम्मू संभाग के साथ भेदभाव, जब कश्मीर का विकास कर रही है। नौशेरा को जिला बनाने के मामले में यह भेदभाव साफ दिख रहा है। नौशेरा विधानसभा क्षेत्र का जितना भौगोलिक क्षेत्रफल है, उसमें कश्मीर के अंदर चार जिले बनाए गए हैं, ऐसे में नौशेरा को जिला बनाने की मांग पूरी तरह जायज है, जिसे सरकार को हर हाल में पूरा करना ही होगा। बंद के समर्थन में राजल, बगनोटी, बरेरी, मानपुर, भजनोवा, डनका, सेरी, स्याल, राजपुर पाटा, राजपुर कमिलपा, किला दराल, चौकी झांगड़, नारीया, संगपुर आदि इलाकों से बड़ी संख्या में लोग नौशेरा पहुुंचे और आंदोलन को समर्थन दिया।
राजोरी के लोगों ने भी दिया आंदोलन को समर्थन
नौशेरा। शनिवार को नौशेरा को जिला बनाने के लिए चल रहे आंदोलन का समर्थन करने राजोरी से भी बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक कसबे में पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे नौशेरा को जिला बनाने का पुरजोर समर्थन करते हैं। जिला बनने से नौशेरा का विकास होगा। उन्होंने कहा कि जब सुंदरबनी का समय आएगा तो सब मिलकर समर्थन देंगे। इस मौके पर पूर्व सरपंच केवल शर्मा, रंजीत तारा, दिनेश शर्मा, सरदार मोहिंद्र सिंह, आत्मा गुप्ता आदि नौशेरा में चल रहे धरना-प्रदर्शन में भी शामिल हुए।