गोशाला में हैं 56 मवेशी, 5 बैल और एक गाय चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
अरनिया। अरनिया थाने के तहत आते गांव सुहागपुर में गोशाला से 6 मवेशी चोरी होने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार सुहागपुर गांव में गोरक्षा समिति की गोशाला में कुल 56 गोवंश है। गोशाला में पशुओं की देखरेख, चारा और अन्य सुविधाएं गोरक्षा समिति के सदस्य अपने स्तर पर करते हैं।
रविवार देर रात को गोशाला से 6 मवेशी चोरी हो गए हैं। इनमें 6 बैल और एक गाय शामिल हैं। सुहागपुर गोशाला के गोरक्षा समिति के सदस्य राकेश शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह उन्हें चोरी के बारे में पता चला है। इसके बाद तुरंत गोशाला पहुंचे तो चोरों ने शेड का ताला तोड़कर मवेशियों को चुरा लिया है। इसमें 6 बैल और एक गाय चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि मौके से चौकीदार चमरू भी फरार है। उन्होंने बताया कि चौकीदार की मिलीभगत के साथ ही चोरी का मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि गोशाला की देखरेख के लिए और जानवरों को चारे के लिए तीन चौकीदार नियुक्त किए गए हैं। इन्हें गोरक्षा समिति के सदस्य अपनी तरफ से वेतन देते हैं। उन्होंने बताया कि जानवरों की चोरी की रिपोर्ट थाने में दर्ज करवा दी गई है। इस मौके पर गोरक्षा समिति के सदस्यों ने अरनिया पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। संदिग्ध लोगों से पूछताछ करनी चाहिए। गौरतलब रहे की अरनिया क्षेत्र के आसपास के इलाकों में पिछले 15 दिन में मवेशी चोरी के पांच मामले सामने आए हैं। इसमें गांव व्यासपुर, जंगवाल, अरनिया, सुहागपुर में मवेशी चोरी को अंजाम दिया गया है। लोग दिन में भी जानवरों की पहरेदारी करने में लगे हुए हैं। लोगों को घर से दूर जाकर जानवरों के पास रात को ठहरना पड़ रहा है।