थाना घगवाल और पुलिस थाना सांबा क्षेत्र में तीन गोवंश तस्करी के प्रयास विफल
सांबा। पुलिस ने थाना घगवाल और पुलिस थाना सांबा के अधिकार क्षेत्र में तीन गोवंश तस्करी के प्रयासों को विफल कर दिया है। चार गोवंश तस्करों को गिरफ्तार किया है और 39 गोवंश को बचाया है।
जानकारी के अनुसार कि नड़ में वाहन जांच के दौरान थाना प्रभारी सांबा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ट्रक (जेके02सीबी-5411) को जांच के लिए रुकने का इशारा किया। पुलिस टीम को देखकर चालक ट्रक को नाका प्वाइंट से कुछ मीटर दूर छोड़कर मौके से भाग गया। जांच के दौरान वाहन में 31 गोवंश लदे हुए पाए गए, जो क्रूर तरीके से बंधे थे। सांबा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सांबा की पुलिस टीम ने गोवंश तस्करी के प्रयास को विफल कर पांच गोवंशों को बचाया है, जिनकी नड क्षेत्र से क्रूर तरीके से पैदल तस्करी की जा रही थी। गिरफ्तार गोवंश तस्कर की पहचान अब्दुल वाहिद निवासी कुलगाम अब सरना सांबा और लियाकत अली निवासी पटयारी सरना के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस थाना घगवाल की टीम ने टपयाल हाइवे पर वाहन जांच ड्यूटी करते समय, एक महिंद्रा लोड कैरियर (जेके02बीयू-4542) को जांच के लिए रोका। जांच के दौरान वाहन के अंदर तीन गोवंश लदे पाए गए, जो क्रूर तरीके से बंधे हुए थे और बिना किसी वैध अनुमति के अवैध रूप से ले जाए जा रहे थे। तस्करों की पहचान शफी मोहम्मद और सदाम हुसैन निवासी चक तारा, तहसील बिश्नाह जिला जम्मू के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने वाहन को भी जब्त कर लिया है। पुलिस थाना घगवाल में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।