कश्मीर के अनंतनाग संसदीय क्षेत्र में निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद यासीन पोसवाल के नामांकन वापस लेने के बाद छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग अफसर के अनुसार नाम वापस लेने के आखिरी दिन पोसवाल ने अपना नामांकन वापस ले लिया है।
इससे अब छह उम्मीदवार चुनाव मैदान में रह गए हैं। इनमें कांग्रेस व नेकां से संयुक्त उम्मीदवार गुलाम अहमद मीर, पीडीपी के मुफ्ती तसद्दुक, राष्ट्रीय समाजवादी पार्टी एस से संजय कुमार धर, जेएंडके किसान मजदूर पार्टी के गुलाम मोहम्मद वानी और निर्दलीय उम्मीदवार राकेश कौल और सज्जाद अहमद डार शामिल हैं।
संसदीय क्षेत्र में 12 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं चुनाव आयोग की हिदायत के अनुसार श्रीनगर संसदीय क्षेत्र के रिटर्निंग अफसर ने बडगाम के जिला चुनाव अधिकारी को श्रीनगर एयरपोर्ट पर स्टेटिक सर्विलांस टीम को तैनात करने कहा है, ताकि चार्टर्ड फ्लाइटों के माध्यम से आने वाले कैश पर नजर रखी जा सके। जिला चुनाव अधिकारी श्रीनगर ने जिला लीड बैंक मैनेजर से कहा है कि वह प्रतिदिन दस लाख से ऊपर जिले में किसी भी बैंक में हुए लेन-देन की रिपोर्ट दें। इस रिपोर्ट को चुनाव आयोग को भेजा जाएगा।