मास्क न लगाने पर जम्मू के भारत माता चौक पर महिला का कोरोना का टेस्ट करती स्वास्थ्यकर्मी। अमर उजा
- फोटो : SHRINAGAR
जम्मू। प्रदेश में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर से हालात लगातार खराब हो रहे हैं। रविवार शाम पांच बजे तक 24 घंटे में 573 नए मामलों की पुष्टि हुई। जम्मू संभाग से 122 और कश्मीर संभाग से 451 नए मामले आए हैं। जीएमसी हॉस्टल में रह रहीं मेडिकल की पांच छात्राएं और एक छात्र भी संक्रमित पाए गए।
कश्मीर में पूर्व आईएएस अधिकारी मीर गौहर अहमद की कोरोना के चलते मौत हो गई। मीर गौहर अहमद एसएसआरबी और जेके एग्रो इंडस्ट्रीज के प्रशासनिक सचिव रह चुके थे। नए मामलों की जिला स्तर पर बात करें तो जम्मू जिले में 92, उधमपुर में सात, राजोरी में दो, डोडा में तीन, कठुआ में 11, सांबा में चार, पुंछ में एक, रामबन में दो नए मामले आए। कश्मीर संभाग के जिलों में श्रीनगर में 208, बारामुला में 84, बडगाम में 41, पुलवामा में दस, कुपवाड़ा में 16, अनंतनाग में 17, बांदीपोरा में 18, गांदरबल में आठ, कुलगाम में 37 और शोपियां में 12 नए मामले आए। कश्मीर संभाग में दो व जम्मू संभाग में एक मरीज की मौत हुई है। दूसरी ओर 189 मरीज स्वस्थ भी हुए। ऐसे में प्रदेश में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1 लाख 33 हजार 12 पर पहुंच गई है। वहीं सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 3955 हो गई है। 2008 लोग अब तक कोरोना संक्रमण से जान गंवा चुके हैं। जम्मू जिले में सक्रिय मामले 922 हो गए हैं और कश्मीर संभाग में सक्रिय मामलों की संख्या 3033 पर पहुंच गई है।