जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को कोरोना के 525 नए संक्रमित मामले मिले। इसमें जम्मू संभाग से 241 और कश्मीर से 284 केस हैं। इसके साथ कुल संक्रमितों की संख्या 38223 तक पहुंच गई है, जिसमें 8022 सक्रिय हैं। वहीं आरएस पुरा में भाजपा के प्रदेश उपप्रधान संक्रमित पाए गए, उनके संपर्क में रहने वाले लोगों की शिनाख्त की जा रही है। एसडीएम कार्यालय खौड़ के एक कर्मचारी के संक्रमित होने पर कार्यालय को एक सप्ताह के लिए बंद किया गया है। इस बीच प्रदेश में 14 और लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गई। इसमें जम्मू संभाग से 4 और कश्मीर से 10 मौतें हुई हैं। अब तक जम्मू-कश्मीर में 718 लोग कोरोना का ग्रास बन चुके हैं। जिसमें कश्मीर ही 647 मौतें हुई हैं।
जिला जम्मू में मंगलवार को 121 संक्रमित मामले मिले, जिसमें 11 ट्रैवलर और 110 अन्य वर्ग से हैं। जीएमसी जम्मू में वीरपुर निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई। बीती रात सुभाष नगर के एक 84 वर्षीय व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया। जिसकी बाद में कोविड संक्रमित होने की पुष्टि हुई। वहीं श्रीनगर से 95, बारामूला से 14, पुलवामा से 36, बडगाम से 17, अनंतनाग से 26, बांदीपोरा से 28, कुपवाड़ा से 23, कुलगाम से 9, शोपियां से 2, गांदरबल से 34, राजोरी से 19, कठुआ से 28, उधमपुर से 4, सांबा से 12, डोडा से 13, पुंछ से 20, रियासी से 12 और किश्तवाड़ से 12 मामले शामिल हैं।
प्रदेश में 2852 लोग निगरानी में लिए
जम्मू-कश्मीर में मंगलवार को कोरोना के 2852 संदिग्ध लोगों को निगरानी में लिया गया। अब तक कोरोना संक्रमित, उनके संपर्क और विभिन्न यात्राओं से जुड़े मामलों में 464313 लोगों को निगरानी में लिया जा चुका है। इसमें 45845 को घर पर क्वारंटीन, 8022 को आइसोलेशन, 45944 को घर पर सर्विलांस पर लिया गया। अब तक 363785 लोगों ने सर्विलांस अवधि को पूरा कर लिया है। अब तक 978882 सैंपलों में से 940659 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। 8022 सक्रिय मामलों में जम्मू संभाग से 2318 और कश्मीर से 5704 मामले हैं।
-------
469 मरीज स्वस्थ
जम्मू-कश्मीर के विभिन्न अस्पतालों में मंगलवार को 469 संक्रमित मरीज ठीक हुए। इसमें जम्मू संभाग से 111 और कश्मीर से 358 मरीज हैं। अब तक प्रदेश में 29484 मरीज ठीक हो चुके हैं, जिसमें जम्मू संभाग से 6634 और कश्मीर से 22850 मरीज हैं।