जम्मू। नगरोटा के बन टोल प्लाजा के पास मिले शव की पहचान हो गई है। उसका नाम सुमित भगत है, जो पलोड़ा का रहने वाला था। वह छह दिन से लापता था, जिसके बारे में जानीपुर पुलिस स्टेशन में रिपोर्ट दर्ज है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम करवाया है।
जानकारी के अनुसार सुमित निजी वाहन चालक है और छह दिन पहले घर से स्कूटी लेकर निकला था। देर रात तक नहीं लौटने के बाद परिजनों ने ने तलाश शुरू की थी। इस दौरान स्कूटी घर के बाहर गली से बरामद हो गई थी। लेकिन सवाल यह है कि वह पलोड़ा से नगरोटा तक कैसे पहुंच गया? फिलहाल इस सवाल का जवाब पुलिस पता लगाने में लगी हुई है। मृतक का मोबाइल फोन भी उसके पास ही मिला, जिसकी काल डिटेल पुलिस ने निकलवा ली है। मृतक के नाक से खून निकला हुआ है और खून की उलटी भी हुई थी। इसे एफएसएल के पास भेजा गया है। वहीं, कई चीजें भी एफएसएल के पास भेजी गई हैं। सुमित की सात महीने पहले ही शादी हुई थी।