कठुआ। जम्मू-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार की सुबह माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जा रहे एक परिवार के छह लोग घायल हो गए, जबकि एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। एक अन्य हादसे में बाइक सवार को बचाने के चक्कर में ट्राला हाईवे पर दो पुलियों के बीच जा टकराया। इस हादसे में बाइक चालक और ट्राला चालक बाल-बाल बचे।
हाईवे में लोगेट मोड़ के पास दिल्ली से माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आ रहा परिवार सड़क हादसे का शिकार बन गया। वाहन चालक को झपकी लगने से गाड़ी का नियंत्रण बिगड़ गया और वह पटल गई। गाड़ी पलटने से उसमें सवार अंकित कुमार पुत्र नरेश कुमार उम्र 15 साल, नरेश कुमार पुत्र धर्मपाल उम्र 61 साल, संचित पुत्र सुनील कुमार उम्र 7 महीने, सुनील कुमार पुत्र जवाहरलाल उम्र 35 साल, संगीता पत्नी सुनील कुमार उम्र 38 साल, पुष्पा देवी पत्नी नरेश कुमार उम्र 35 साल, देववंशी पुत्री सुनील कुमार उम्र 4 साल सभी निवासी दिल्ली गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल कठुआ पहुंचाया गया। लेकिन डाक्टरों ने संचित को मृत लाया घोषित कर दिया। वहीं अन्य छह का उपचार कर उन्हें वार्ड में शिफ्ट कर दिया है। इधर जिला अस्पताल के पास हाईवे पर बाइक सवार को बचाने के चक्कर में एक ट्राला दो पुलियों के बीच जा टकराया।