जम्मू से बनिहाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मुहैया करवाने की कवायद तेज हो गई है। केंद्र के एक प्रोजेक्ट में नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया के साथ राज्य का पर्यटन विभाग मिलकर काम करेगा। इसमें निर्धारित हाईवे पर प्रमुख स्थलों पर शौचालय, शॉप, पार्किगिं आदि की सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस प्रोजेक्ट के लिए केंद्र सरकार ने पांच करोड़ रुपये की मंजूरी दी है।
उल्लेखनीय है कि जम्मू से श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग में फोरलेन निर्माण के चलते कई जगह नया हाईवे शुरू हुआ है। नए प्रोजेक्ट में हाईवे पर प्रमुख स्थानों पर जहां यात्री अमूमन रुकते हैं, वहां पर बुनियादी सुविधाएं शुरू की जा रही हैं। पर्यटन विभाग के निदेशक सौजन्य शर्मा के अनुसार हाईवे पर जम्मू से बनिहाल तक नए टोल प्लाजा, टिकरी, उधमपुर, बटोत आदि स्थलों पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए नए निर्माण किए जाएंगे।
इसके लिए खाका तैयार किया जा रहा है। नेशनल हाईवे अथारिटी आफ इंडिया विभाग को जगह मुहैया करवाएगा, जिसमें यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाएं शुरू की जाएंगी। हाईवे पर यह अपनी तरह का ऐसा पहला प्रोजेक्ट है, जिसमें यात्रियों को निर्धारित दामों पर सामान उपलब्ध होगा।