केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में ट्रायल के आधार पर दो जिलों कश्मीर के गांदरबल और जम्मू के उधमपुर में 4-जी मोबाइल इंटरनेट सेवा को बहाल किया गया है। लोग बातें कर रहे हैं कि अन्य जिलों से भेदभाव किया गया है। ऐसा कुछ नहीं है। ट्रायल के आधार पर चरणबद्ध तरीके से 4जी को बहाल करने का काम अन्य जिलों में भी शुरू होगा।
रिंग रोड के प्रथम चरण के शुभारंभ पर उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को मोदी सरकार भ्रष्टाचार मुक्त बनाएगी। कुछ नेता पहले सीबीआई जांच का राग अलापते थे। अब सीबीआई जांच के दायरे में वह खुद आ रहे हैं। सिंह ने कहा जम्मू-कश्मीर में सीबीआई तीन प्रमुख मामलों की फिलहाल जांच कर रही है। इनमें जेके बैंक घोटाले के अलावा पूर्व मंत्री के ट्रस्ट के नाम आवंटित कठुआ भूमि मामला और पत्नीटॉप केस शामिल हैं। उन्होंने कहा जम्मू रिंग रोड के पहले चरण के लोकार्पण से जो विकास की शुरुआत हुई है, वह अब निरंतर आगे बढ़ती जाएगी। जम्मू संभाग में कई एम्स समेत कई परियोजनाओं पर काम जोरशोर से चल रहा है।
जन आकांक्षाओं को पूरा करेगी रिंग रोड: जुगल किशोर
सांसद जुगल किशोर शर्मा ने अपने संसदीय क्षेत्र में हुए रिंग रोड के लोकार्पण पर खुशी प्रकट करते हुए कहा कि इससे जन आकांक्षाओं की पूर्ति हुई है। विकास का दौर अब और तेज होगा। कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में जम्मू-कश्मीर में विकास के इतने कार्य हुए हैं जितना पहले कभी नहीं हुआ था। आने वाले दिनों में विकास की गति और बढ़ेगी।