2014 में आयी भयानक बाढ़ जम्मू कश्मीर में भारी तबाही मचाई थी।
- फोटो : PTI
शासन ने सितंबर 2014 के बाढ़ पीड़ितों के लिए 418.67 करोड़ रुपये की राहत राशि जारी कर दी है। प्रधानमंत्री विकास योजना 2015 के तहत बाढ़ से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए मुआवजा राशि सीधे प्रभावितों के बैंक खातों में भेजी जाएगी। राज्यपाल ने संबंधित जिला उपायुक्तों को सात दिन में यह राशि जमा कराने की हिदायत दी है।
राजभवन के प्रवक्ता के अनुसार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त पक्के मकान के लिए 2.50 लाख, पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कच्चे मकान के लिए एक लाख, बुरी तरह से क्षतिग्रस्त पक्के मकान के लिए 1.25 लाख व बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कच्चे मकान के लिए 50 हजार, आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त पक्के मकान के लिए 20 हजार व कच्चे मकान के लिए 10 हजार रुपये मिलेंगे। राज्य प्रशासनिक परिषद (एसएसी) की 29 फरवरी को हुई बैठक में सहायता राशि देने का फैसला किया गया था।
श्रीनगर जिले के लिए सबसे अधिक 234.16 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इसके अलावा सांबा जिले के लिए 2.35 करोड़, गांदरबल के लिए 0.81 करोड़, बडगाम के लिए 39.12 करोड़, पुलवामा के लिए 28.87 करोड़, अनंतनाग के लिए 48.94 करोड़, बांदीपोरा के लिए 17.16 करोड़, बारामुला के लिए 17.61 करोड़, राजोरी के लिए 22.63 करोड़, उधमपुर के लिए 6.97 करोड़, रामबन के लिए 7.53 करोड़, किश्तवाड़ के लिए 2.38 करोड़, डोडा के लिए 3.03 करोड़, शोपियां के लिए 7.27 करोड़, कुपवाड़ा के लिए 0.20 करोड़ तथा कुलगाम जिले के लिए 19.08 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई है।