उधमपुर। निकाय चुनाव में इस बार प्रत्याशियों को चुनाव प्रचार में सबसे ज्यादा परिवार का सहयोग मिल रहा है। सोमवार को अमर उजाला की टीम जब वार्डों में निकली तो वार्ड 15 में शाम के समय मां अपने बेटे के लिए प्रचार कर रही थीं। वह मोहल्ले की महिलाओं को साथ लेकर घर-घर जाकर बेटे की जीत के लिए समर्थन मांग रही थीं।
वार्ड 15 में पैंथर्स पार्टी ने पवन कुमार साहनी को मैदान में उतारा है। पवन के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं के अलावा मां संतोषी साहनी चुनाव प्रचार कर रही हैं। संतोषी दोपहर तक घर का काम खत्म करने के बाद मोहल्ले की महिलाओं को साथ लेकर घर-घर जाकर लोगों से सहयोग मांग रही हैं। वह लोगों से कह रही हैं कि आपकी हर परेशानी को उनका बेटा दूर करेगा, आपको सिर्फ उसको सहयोग देना है। संतोषी के साथ प्रत्याशी बेटा भी था।
पवन कुमार साहनी ने कहा कि मां के साथ चलने पर उनकी ताकत दुगनी हो गई है। मां का हर कदम पर साथ मिल रहा है। वहीं मां ने कहा कि उसका बेटा पहली बार निकाय चुनाव लड़ रहा है और वह आशीर्वाद देने के साथ बेटे के प्रचार में भी साथ दे रही है। उसको पता कि इस समय बेटे को उसकी बहुत जरूरत है। जब तक चुनाव संपन्न नहीं हो जाता है, तब तक बेटे का सहयोग करेेंगे।