जम्मू। शोपियां मुठभेड़ के बाद तनावपूर्ण हालात को देखते हुए घाटी में बुधवार तक सभी स्कूल, कालेज बंद किए गए हैं। जम्मू-कश्मीर बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन (जेकेबोस) के अलावा जेएंडके कंबाइंड कंपिटेटिव (मेन्स) परीक्षाओं 2016 को स्थगित किया गया है। कश्मीर यूनिवर्सिटी के अलावा अन्य विश्वविद्यालयों में भी 6-7 मार्च को होने वाली परीक्षाओं को स्थगित किया गया है।
जेएंडके पब्लिक सर्विस कमीशन की ओर से 6 और 7 मार्च को होने वाली जेएंडके कंबाइंड कंपिटेटिव (मेन्स) परीक्षा 2016 में ज्यूलाजी-2, फिजिक्स-2, कामर्स एंड अकाउंटेंसी -2, मैनेजमेंट-2, अंथ्रोपोलाजी-2 और सोशियोलाजी-2 की परीक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित की गई हैं। इन परीक्षाओं की नया शेड्यूल बाद में जारी किया जाएगा। जम्मू-कश्मीर बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन की ओर से कश्मीर डिवीजन में 6 और 7 मार्च को होने वाली 10वीं व 12वीं की अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। बोर्ड के संयुक्त सचिव सईद रौफ के अनुसार परीक्षा की नई तिथियों की घोषणा बाद में की जाएगी। इस्लामिक यूनिवर्सिटी आफ साइंस एंड टेक्नोलाजी में 6 मार्च को हो रही परीक्षाओं को स्थगित किया गया है। कश्मीर यूनिवर्सिटी में भी 6-7 मार्च को होेने वाली परीक्षाएं स्थगित की गई हैं। शिक्षा मंत्री सईद अल्ताफ बुखारी के अनुसार तनावपूर्ण हालात को देखते हुए बुधवार तक कश्मीर डिवीजन में स्कूल कालेज बंद रखे गए हैं। घाटी में डेढ़ माह बाद स्कूल खुल रहे थे।