आतंकवादी बनने के लिए रियासत जम्मू कश्मीर में करीब 4000 भटके युवा अब भी पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) में मौजूद हैं। नेशनल कांफ्रेंस के एमएलसी डा. बशीर अहमद वीरी के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री की तरफ से बागवानी मंत्री अब्दुल रहमान वीरी ने विधान परिषद में यह जवाब दिया।
मंत्री ने कहा कि वर्किंग ग्रुप एक की सिफारिशों के तहत केंद्रीय गृह मंत्रालय से चर्चा कर नवंबर 2010 में पाकिस्तान में हथियारों का प्रशिक्षण लेने गए युवाओं की वापसी के लिए पुनर्वास योजना को लागू किया गया था। इस योजना के तहत अधिकृत चार मार्गों में से कोई भी रास्ते भटका युवा नहीं लौटा।
बहरहाल अनाधिकृत नेपाल मार्ग से 453 लोग अपनी 197 पत्नियों और 603 बच्चों के साथ लौटे हैं। एक अन्य सवाल के जवाब में मंत्री ने कहा कि साल 2006 में प्रधानमंत्री की ओर से पांच वर्किंग ग्रुपों का गठन किया था।
इनमें पहले वर्किंग ग्रुप मोहम्मद हमीद अंसारी की अगुवाई में था और इसका उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों में विश्वास बहाली के लिए कदम उठाना था।